मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले की एक अदालत ने सबूतों के अभाव में जूनियर क्रिकेटर गगनदीप सिंह की हत्या के दो आरोपियों को बरी कर दिया है।
बहुचर्चित युवा क्रिकेटर गगनदीप और दुकानदार शाहनवाज की हत्या के आरोप में जेल में बंद शातिर अपराधी अजय राज और राहुल सिरोही को मंगलवार को जिला अदालत ने साक्ष्यों के अभाव में बरी कर दिया।
हालाकि दोनों अपराधी अन्य दूसरे मुकदमों में शामिल होने के कारण अभी जेल में बंद रहेंगें। गौरतलब है कि इस घटना के सात गवाह भी अदालत में मुकर गए। बता दें कि नौ अक्टूबर 2009 में लालकुर्ती के मुख्य बाजार में कबाब की दुकान करने वाले शाहनवाज की दुकान पर क्रिकेटर गगनदीप कबाब खा रहा था। इसी दौरान कुछ युवकों की कबाब पहले देने के विवाद में दुकानदार शाहनवाज से झड़प हो गई थी, जिसके चलते युवकों ने शाहनवाज की गोली मारकर हत्या कर दी। तभी बचाव में बीच में आए गगनदीप भी हमलावरों की गोली से घायल हो गए थे। उसकी बाद में अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई थी। इस मामले में शातिर अपराधी अजय राज और राहुल सिरोही को गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भेजा था।




