नयी दिल्ली, अमेरिका में एक गुरूद्वारे पर हुए हमले के मुद्दे पर आज लोकसभा में विपक्ष और सत्तापक्ष के बीच तीखी तकरार हुई और केन्द्रीय मंत्री पवन बंसल ने अकाली दल पर इस मामले में राजनीतिक रोटियां सेंकने के प्रयास करने का आरोप लगाया। हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही भोजनावकाश से करीब पंद्रह मिनट पहले दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
सदन में शून्यकाल के दौरान अकाली दल की हरसिमरत कौर ने अमेरिका में सिखों पर हुए हमले का मामला उठाया और मांग की कि प्रधानमंत्री को सिखों के एक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करना चाहिए और विदेशों में लोगों के बीच जागरूकता पैदा करना चाहिए कि सिख आतंककवादी नहीं हैं।
विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज ने सरकार से इस मामले में की गई कार्यवाही से सदन को अवगत कराने की मांग की। कांग्रेस के प्रताप सिंह बाजवा ने गुरूद्वारे पर हमले की घटना को अफसोसजनक और दुखद बताया और कहा कि सरकार ने इस दिशा में तत्काल कार्रवाई की है। उन्होंने जब बोलना शुरू किया तो सत्ता पक्ष और विपक्षी सदस्यों के बीच नोकझोंक भी हुई।




