नई दिल्ली, आरुषि-हेमराज हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट ने नूपुर तलवार की जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए सीबीआई को नोटिस जारी किया है। कोर्ट ने सीबीआई को इस बाबत छह अगस्त तक का समय दिया है।
नूपुर के वकील ने सुनवाई के दौरान कहा कि मामले की जांच पूरी कर ली गई है और इस मामले में आरोप पत्र भी दाखिल किए जा चुके हैं। लेकिन अभी तक सीबीआई कोई ऐसी ठोस वजह कोर्ट के समक्ष नहीं दे पाई है जिससे यह सच उजागर होता हो कि नूपुर तलवार जमानत मिलने की सूरत में देश छोड़कर चली जाएंगी। वकील ने कहा कि नूपुर का पासपोर्ट पहले ही जब्त किया जा चुका है। इस मामले में कोर्ट ने सीबीआई को छह अगस्त तक का समय दिया है।
गौरतलब है कि वर्ष में 16-17 मई की मध्यरात्रि को तलवार दंपति के जलवायु विहार स्थित मकान में उनकी नाबालिग बेटी आरुषि और नौकर हेमराज की हत्या कर दी गई थी। 17 मई को इस मामले में पुलिस ने दोपहर में हेमराज का शव छत से बरामद किया था।





