मुरादाबाद। कुछ दिन की खामोशी के बाद एनआरएचएम [नेशनल रूरल हेल्थ मिशन] घोटाले की जांच कर रही सीबीआई की टीम ने शनिवार सुबह एकाएक फिर मुरादाबाद में छापेमारी की। छापे की जद में जिला अस्पताल रहा, जिसके ब्लड बैंक व ब्लड सेपरेशन यूनिट में सीबीआई टीम द्वारा पड़ताल की जा रही है।
काबिलेगौर है कि एनआरएचएम के फंड से लगभग 27 लाख रुपये खर्च करते हुए मुरादाबाद ब्लड बैंक में कुछ माह पहले ब्लड सेपरेशन यूनिट की स्थापना हुई थी। सेपरेशन यूनिट की स्थापना में भवन निर्माण व जीर्णोद्धार संबंधी कामों में सीमा से ज्यादा खर्च के साथ-साथ यूनिट संचालन के लिए लाई गईं महंगी व आधुनिक मशीनों की खरीद में बजट के दुरुपयोग के आरोप हैं। बताते हैं कि इन मशीनों की सप्लाई में कुछ समय पहले सीबीआई द्वारा गिरफ्तार किए जा चुके मुरादाबाद के कारोबारी एवं ठेकेदार सौरभ जैन की सक्रिय भूमिका रही थी।
ज्ञात हो कि कुछ वक्त पहले सीबीआई की कई टीमों ने मुरादाबाद में एक साथ छापेमारी शुरू करते हुए सौरभ जैन के सिविल लाइंस पंचशील कालोनी स्थित आवास, सौरभ के कारोबारी परिसर मिडटाउन क्लब, सौरभ के चचेरे भाई विवेक जैन के गंज सब्जी मंडी स्थित आवास, विवेक के प्रिंस रोड स्थित मेडिकल हॉल को खंगाला था। इस दौरान सीबीआइ टीमें तमाम तरह का रिकार्ड अपने साथ ले गई थीं।





