लखनऊ। समाजवादी पार्टी [सपा] के महासचिव मोहन सिंह ने कहा है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी इस बार ऐतिहासिक प्रदर्शन करेगी और अकेले दम पर सरकार बनाकर बहुजन समाज पार्टी [बसपा] के कुशासन और जंगलराज का खात्मा करेगी। उन्होंने कहा कि सपा को सरकार बनाने के लिए कांग्रेस या दूसरे किसी दल की जरूरत नहीं पड़ेगी।
मोहन सिंह ने कहा, इस चुनाव में पूरे प्रदेश में सपा की लहर है। जनता मायावती सरकार के कुशासन से त्रस्त हो चुकी है और अब वह प्रदेश की खुशहाली और विकास के लिए सपा की सरकार बनाना चाहती है।
सिंह ने कहा, सपा के 215 विधायक जीत दर्ज करके विधानसभा पहुंच रहे हैं। सपा ऐतिहासिक जनादेश पाकर कांग्रेस के साथ गठबंधन के सवाल पर उनका कहना था कि हम अकेले बहुमत पा रहे हैं। ऐसे में गठबंधन की कोई बात ही नहीं। सिंह ने अमर सिंह के बारे में कहा कि उनके जैसे दूसरे लोगों का संज्ञान ही नहीं ले रहे हैं। वह कुछ भी कर लें सपा का कुछ नहीं बिगाड़ पाएंगे।
सिंह ने मुख्यमंत्री के मुद्दे पर कहा, हमारी पार्टी एक ही आदमी को नेता मानकर उसके पीछे चलती है और वह हैं हमारे अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव।
कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा से मुसलमानों को धोखा दिया है। मुसलमान कांग्रेस की नीयत को बखूबी समझ रहे हैं कि चुनाव से पहले 4.5 फीसदी आरक्षण का झुनझुना क्यों दिया जा रहा है। अगर कांग्रेस पार्टी वाकई मुसलमानों की बहुत फिक्रमंद है तो रंगनाथ मिश्रा आयोग की रिपोर्ट को हूबहू लागू करे, जिसमें कहा गया है कि संविधान संशोधन करके मुसलमानों को दलितों की तरह जनसंख्या के आधार पर आरक्षण दिया जाए।





