नई दिल्ली। उत्तराखंड और पंजाब में आज शाम को प्रचार अभियान समाप्त हो जाएगा। इसे देखते हुए आज होने वाली चुनावी सभाओं में सारी पार्टियां अपनी पूरी ताकत झोंक देना चाहती हैं।
गौरतलब है कि उत्तराखंड और पंजाब में लगभग सभी बड़ी पार्टियों के नेताओं ने अपनी अपनी चुनावी रैलियां कर मतदाताओं को अपनी ओर रिझाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी। जहां कांग्रेस की तरफ से पंजाब में सोनिया गांधी और मनमोहन और राहुल ने चुनावी रैलिया कर अपनी बात रखी और प्रदेश सरकार को कोसा तो बीएसपी सुप्रिमो और उत्तार प्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती ने भी यहां जोर शोर प्रचार किया। यह बात अलग है कि यहां पर बीएसपी की स्थिति काफी कमजोर है।
सोनिया ने उत्तराखंड में भी चुनावी रैली कर अपनी पार्टी के पक्ष में मतदाताओं को लाने की पूरी कोशिश की है। वहीं भाजपा भी इस रेस में पीछे नहीं रही। उत्तराखंड व पंजाब दोनों ही जगह भाजपा ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। अब इन पार्टियों की किस्मत मतदाताओं के हवाले है। यह देखना दिलचस्प होगा कि मतदाता किस पर अपने पत्ते खोलता है।




