बिग बी को 10 बजे जैसे ही दादा बनने की सूचना मिली वे खुशी से उछल पड़े। अमिताभ और अभिषेक ने तुरंत इसे ट्विट किया। अमिताभ और अभिषेक को तमाम सितारों ने बधाइयां देनी शुरू कर दी है।
अभिनेता अभिषेक ने माइक्रोब्लॉगिंग साइट ट्विटर पर लिखा, ‘यह बेटी है!!’
दादा बने अभिषेक के पिता व बॉलीवुड महानायक अमिताभ बच्चन ने भी ट्विटर पर लिखा, ‘मैं प्यारी सी बच्ची का दादा बन गया हूं। मैं दादा बनकर उल्लासित हूं।’
दादा बनने से अमिताभ खुशी से फूले नहीं समा रहे हैं। बच्चन परिवार इस वक्त सेवन हिल्स अस्पताल में मौजूद है, जहां ऐश्वर्या राय बच्चन भर्ती हैं। बच्चे और मां दोनों की हालत अच्छी बताई जा रही है।
यह अभिषेक बच्चन और ऐश्वर्या का पहला बच्चा है। यहां सेवन हिल्स अस्पताल में बेटी का जन्म हुआ।
मीडिया में खबर आने के बाद से ही अस्पताल के बाहर प्रशंसकों का हुजूम उमड़ पड़ा। इसके चलते अस्पताल के अंदर और बाहर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
ऐश्वर्या को सोमवार रात सेवन हिल्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मंगलवार सुबह उन्हें अस्पताल के लेबर रूप में शिफ्ट कर दिया गया था।




