गाजियाबाद। सीबीआई की विशेष अदालत ने आरुषि हत्या मामले के सुप्रीम कोर्ट में लंबित होने के मद्देनजर इसे 20 जुलाई तक टाल दिया है।
विशेष सीबीआई अदालत की मजिस्ट्रेट प्रीति सिंह ने कल मामले की सुनवाई को 20 जुलाई तक के लिए टाल दिया।
आरुषि के मातापिता नूपुर और राजेश तलवार अगली सुनवाई के दिन अदालत में पेश होंगे। उनके खिलाफ वारंट जारी किए गए हैं। 14 वर्षीय आरुषि 16 मई 2008 को नोएडा स्थित अपने घर पर मृत अवस्था में मिली थी। अगले ही दिन तलवार परिवार के घरेलू नौकर हेमराज का शव भी घर की छत पर मिला।
सुप्रीम कोर्ट ने 25 अप्रैल को कहा था कि सीबीआई अचानक तलवार दंपत्ति के खिलाफ कैसे सक्रिय हो गई। तलवार दंपति को उस वक्त राहत मिली जब शीर्ष अदालत ने मामले को 12 जुलाई तक स्थगित करते हुए स्पष्ट किया कि उनके खिलाफ कार्यवाही पर स्थगन का अदालत का 19 मार्च का फैसला अगले आदेश तक बरकरार रहेगा।





