नई दिल्ली भाजपा की दूसरी पंक्ति के नेताओं की आपसी खींचतान फिर खुलकर सामने आ गई है। विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज के हालिया बयान से नाराज गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी अध्यक्ष नितिन गडकरी से इस बात की शिकायत की है। गडकरी ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सुषमा स्वराज से कहा है कि वे ऐसे बयानों से बचें जिनसे पार्टी के नेता दुखी हों।
स्वराज का नाम लिए बगैर मोदी ने सवाल किया कि दिल्ली के नेता ऐसे बयान देकर उन्हें आहत क्यों करते हैं। इस पर गडकरी ने मोदी को आश्वस्त किया कि मामला उनके ध्यान में है। सुषमा ने बिहार में चुनाव प्रचार के दौरान कहा था कि वहां नरेंद्र मोदी के जादू की जरूरत नहीं है। बिहार में नीतीश कुमार व सुशील मोदी जैसे जादूगर पहले से हैं।
एक केंद्रीय पदाधिकारी के मुताबिक, मोदी फिलहाल पार्टी के सबसे लोकप्रिय नेता हैं। लिहाजा, इस बयान से कुछ लोग परेशान हैं।
विज्ञापन में मोदी की तारीफों के पुल!
सुषमा स्वराज के बिहार में दिए बयान के बाद एक दिलचस्प घटनाक्रम ने पार्टी के कई नेताओं का ध्यान खींचा है। कर्नाटक में भाजपा के एमएलसी लहर सिंह सिरोया ने बुधवार को दिल्ली के कई अखबारों में विज्ञापन छपवाया है। इसमें गुजरात के हालिया निकाय चुनावों में भारी जीत के लिए नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ है। साथ ही उन्होंने मोदी से आग्रह किया है कि वे पूरे देश का मार्गदर्शन करें। हालांकि सिरोया ने दावा किया है कि उनके विज्ञापन का कोई राजनीतिक मकसद नहीं है। यह केवल चुनावों में मोदी सरकार के अभूतपूर्व प्रदर्शन पर बधाई संदेश है।





